मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का किया निरीक्षण
पत्रावलियों के डिजिटलीकरण से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी व पारदर्शिता बढ़ेगीः-मंडलायुक्त
रायबरेली:- 26 फरवरी 2026,
मंडलायुक्त, लखनऊ मण्डल, लखनऊ विजय विश्वास पंत ने आज कलेक्ट्रेट में संयुक्त कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली,अभिलेख संरक्षण,जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं शिकायत निस्तारण की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने सर्व प्रथम संयुक्त कार्यालय में राजस्व सहायक (प्रथम), न्याय सहायक (द्वितीय), शिकायत प्रकोष्ठ, न्याय सहायक (द्वितीय), लेखाकार, डी0एल0आर0सी0, स्थापना, आंग्ल अभिलेखागार, डिस्पैच पटल का निरीक्षण कर पटल से सम्बन्धित कार्याे की गहन समीक्षा की गई व अभिलेखों के रख-रखाव को देखा गया। इसके पश्चात अभिलेखागार का निरीक्षण किया गया। मंडलायुक्त ने कार्यरत कार्मिकों की सेवा पुस्तिका का अवलोकन किया, जिसमें सभी कार्मिकों की सर्विस बुक अपडेट पायी गई। इसके पश्चात मंडलायुक्त ने सेवा निवृत्त व स्थानान्तरित कार्मिकों की पत्रावलियों का भी अवलोकन किया।
मंडलायुक्त ने पटलों के निरीक्षण में संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिये कि अभिलेखों एवं पत्रावलियों का रख-रखाव ठीक प्रकार करें और आवश्यक शासनादेशों को गाइट फाइल में रखें। शस्त्र अनुभाग के निरीक्षण में मंडलायुक्त ने कहा कि शस्त्र वरासत संबंधी सभी पत्रावलियों की जांच करायें और शस्त्र नवीनीकरण की प्रक्रिया समय पर निर्धारित करायें। उन्होंने कहा कि सभी पत्रावलियों का डिजिटलीकरण कराये और डिजिटलीकरण से न केवल प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी। उन्होने सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयों के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि सेवानिवृत्ति देयों अथवा एसीपी से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित न रखें। लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने व पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए ।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी हर्षिता माथुर,अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा सहित सम्बन्धित अधिकारी व कलेक्ट्रेट कार्मिक उपस्थित रहें।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





