सीडीओ की अध्यक्षता में आउटसोर्स/संविदा कर्मचारियों के मानदेय एवं समस्याओं के निराकरण हेतु बैठक सम्पन्न
रायबरेली:-18 अप्रैल 2026,
मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक महात्मा गांधी सभागार, विकास भवन में सम्पन्न हुई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में कार्यरत आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारियों को समयबद्ध रूप से मानदेय उपलब्ध कराना तथा उनके समक्ष आने वाली समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना था।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार कर्मचारियों की समीक्षा करते हुवे निर्देश दिए कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारियों का मानदेय निर्धारित समय सीमा के भीतर बिना किसी विलंब के उनके खातों में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानदेय भुगतान में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी को मानदेय भुगतान या कार्यस्थल से संबंधित कोई समस्या आती है, तो उसके समाधान के लिए विभागीय स्तर पर त्वरित कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराए।
बैठक के दौरान कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों को उनका अधिकार समय पर मिलना चाहिए और इस दिशा में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने और नियमित समीक्षा के माध्यम से व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० अरविन्द कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद कुमार, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





