एम्स में विश्व स्वास्थ दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित
एम्स रायबरेली
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायबरेली द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान की टीम ने वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। वहां निवास कर रहे सभी बुजुर्गों का नेत्र, दंत एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उपचार प्रदान किया गया। इसके साथ ही सभी लाभार्थियों को निःशुल्क भोजन एवं बेडशीट वितरित की गई। कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आउटरीच कार्यक्रम समाज के जरूरतमंद वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। अगले दिन दिव्यांग बच्चों के विद्यालय का दौरा किया गया। इस अवसर पर बच्चों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करने हेतु एक प्रभावी स्किट (नाटक) प्रस्तुत किया गया, जिससे उन्हें सरल और रोचक तरीके से स्वच्छता के संदेश को समझाया गया।
यूरोलोजी विभाग द्वारा मूत्र मार्ग संक्रमण एवं यूरिन कैथेटर से होने वाले संक्रमण से बचाव एवं रख रखाव को लेकर मरीज एवं तीमारदारों को जागरुक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम किया गया। जिसमें मरीज एवं तीमारदारों के सामने नर्सिंग आफिसर्स द्वारा एक नाटक प्रस्तुत किया गया जिसमें बताया गया कि छोटी छोटी सावधानियाँ तथा अपने शरीर की स्वच्छता रख कर कैसे मूत्र मार्ग एवं यूरिन कैथेटर के संक्रमण से बचा जा सकता है। डॉ. अमित मिश्रा यूरोलॉजी विभाग प्रमुख ने वहाँ मौजूद मरीजों एवं उनके परिवारी जनों को स्वच्छता के प्रति सजग रहकर और छोटी छोटी सावधानियां जैसे प्रति दिन 3-4 लीटर पानी पीने, पेशाब को ज्यादा देर तक न रोकने, ढीले, सूती एवं सूखे कपड़े पहनने, विटामिन C युक्त फल खाने, अपने निजी अंगों की नियमित सफाई रखने, कैथेटर की सही देखभाल करने, संक्रमण के शुरुआती लक्षणों को पहचानने पर जागरूक किया। इन कार्यक्रमों के दौरान अपर चिकित्सा महानिदेशक, डॉ. सुजाता चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

पखवाड़ा के दसवें दिन ओपीडी क्षेत्र में मरीजों एवं उनके तीमारदारों के बीच स्वच्छता जागरूकता को सुदृढ़ करने हेतु एक व्यवहारिक एवं सहभागितापरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्किट (नाटक) के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं संक्रमण की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किए गए। स्किट का उद्देश्य केवल सूचना प्रदान करना नहीं, बल्कि व्यवहार परिवर्तन को प्रेरित करना था। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में प्रतिभागियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से उनकी समझ एवं जागरूकता का मूल्यांकन किया गया। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से उत्तर देकर कार्यक्रम की प्रभावशीलता को प्रदर्शित किया। पखवाड़ा का आयोजन कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन के मार्गदर्शन एवं स्वच्छता पखवाड़ा अध्यक्ष डॉ. सुयश सिंह के निर्देशन में स्वचछता समिति द्वारा किया जा रहा है।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





