थाना दिवस पर पीस कमेटी बैठक की सूचना को लेकर उठा सवाल, होली–ईद पर्व पर प्रशासन ने दिए कड़े निर्देश
————————————–
नसीराबाद ,रायबरेली
आगामी होली एवं ईद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना दिवस के अवसर पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। हालांकि बैठक को लेकर एक नई चर्चा तब शुरू हो गई जब होली आयोजन से जुड़े पवन श्रीवास्तव को बैठक की सूचना मात्र एक घंटे पहले दी गई। हर वर्ष जहां कस्बे के संभ्रांत नागरिकों एवं आयोजकों को एक दिन पूर्व सूचना दी जाती थी, वहीं इस बार अंतिम समय में सूचना दिए जाने पर सवाल उठे हैं कि इतनी कम अवधि में आयोजक अपने सहयोगियों को कैसे एकत्रित कर पाते। बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हारून ने वार्ड नंबर 4 रैदास मोहल्ला स्थित होलिका स्थल के ऊपर लटक रहे बिजली तार की समस्या उठाई। उन्होंने आशंका जताई कि होलिका दहन के दौरान कोई अनहोनी हो सकती है। इस पर विद्युत विभाग को तत्काल सूचना देकर तार दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। हालांकि बिजली विभाग से कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं थे।होली गस्त मार्ग पर संवेदनशील स्थानों पर— वसीद मस्जिद, हसन मियां कोठी और उमर मस्जिद—के पास निगरानी व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। सलोन क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र सिंह ने निर्देश दिया कि इन स्थानों पर सीसी कैमरे लगाए जाएं। यदि यह संभव न हो तो मोहल्ले के संभ्रांत नागरिकों द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए, ताकि किसी भी अराजक तत्व की पहचान की जा सके। बैठक में एसडीएम चंद्रप्रकाश गौतम, तहसीलदार दीपिका, थाना अध्यक्ष पवन कुमार सोनकर सहित अन्य अधिकारियों ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि होली और ईद भाईचारे के पर्व हैं। यदि कोई भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद अली (फाकिर) ने भी साफ-सफाई, पानी, नाली और रास्तों से संबंधित समस्याओं को समय रहते दूर कराने का आश्वासन दिया। थाना दिवस पर एक अन्य संवेदनशील मामला भी सामने आया। वार्ड नंबर 1 मवहरिया निवासी छुटकी पत्नी स्वर्गीय सूरज दीन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास की मांग की।

तहसीलदार ने संबंधित कानूनगो और लेखपाल को जांच कर पात्रता के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी दौरान छुटकी की लगभग 12 वर्षीय बेटी की पढ़ाई को लेकर चिंता जताई गई। क्षेत्राधिकारी द्वारा पूछताछ में बच्ची ने बताया कि वह पढ़ाई नहीं कर रही है। माता ने कहा कि उसे स्कूल से वापस कर दिया गया था। हालांकि प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने ऐसी किसी बात से इनकार किया और बच्ची को विद्यालय भेजने को कहा। अधिकारियों ने तत्काल बच्ची का पुनः प्रवेश सुनिश्चित कराने की बात कही। सूत्रों के अनुसार, बैठक के उपरांत एसडीएम, तहसीलदार, सीओ सलोन और थाना अध्यक्ष ने होली गस्त मार्ग का भ्रमण भी किया। चर्चा का विषय यह रहा कि इस निरीक्षण में होली आयोजन से जुड़े पवन श्रीवास्तव को साथ नहीं लिया गया।
कुल मिलाकर प्रशासन ने जहां त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संदेश दिया, वहीं बैठक की सूचना प्रक्रिया को लेकर कस्बे में चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
पवन कुमार मौर्य की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





