चौदहवें दिन टूटा सन्नाटा धान की खरीद शुरू।
जायस अमेठी। किसानों की आवक न होने से क्रय केंद्रों पर अभी तक सन्नाटा पसरा था। लेकिन गुरुवार को धान खरीद के 14वें दिन जब किसान नवीन मंडी समिति जायस के क्रय केंद्र की विपणन शाखा पर धान से लदी ट्राली लेकर पहुंचा तो हलचल हो गई।
विधि विधान पूर्वक पूजा पाठ कर किसान को माला पहनाकर मिष्ठान वितरित करने के बाद धान की तौल शुरू हुई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष 1 नम्बर की जगह शासन ने बीते माह 20 अक्टूबर से ही धान खरीद करने के लिए केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए थे। लेकिन किसानों की आवक न होने से क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहता था। समय से धान की फसलों का तैयार न होना भी किसानों की आवक का मुख्य कारण यह भी माना जा रहा है।
हालांकि गुरुवार को जब तेंदुआ ग्राम पंचायत के गांव रायभान पुर निवासी किसान राम कृपाल धान से लदी ट्रैकर ट्राली लेकर नवीन मंडी समिति जायस के क्रय केंद्र विपणन की शाखा द्वितीय पर पहुंचा तो एक बार वहां पर चहल पहल बढ़ गई। केंद्र प्रभारी चंद्र केश यादव ने पूर्व ब्लाक प्रमुख व भाजपा नेता रमेश कुमार सिंह को बुलाकर विधि विधान से पूजा पाठ कराया।
उसके बाद मिष्ठान वितरित कर किसान को माला पहनाकर सम्मानित किया, इसके बाद धान की तौल शुरू की गई। केंद्र प्रभारी चन्द्र केश यादव ने बताया कि किसान राम कृपाल ने 47 कुन्तल 20 किलो धान की तौल कराई है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर धान बेंचने आये किसानों को बिना किसी परेशानी के धान की तौल कराई जाएगी।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट