बाइक से गिरकर मां व 11 माह का मासूम हुआ लहूलुहान, पर्स लूटने के लिए मारा था झपट्टा
अलीगंज में आंचलिक विज्ञान केंद्र के पास शुक्रवार रात को बाइक सवार बदमाश ने वारदात अंजाम दी। घटना में मासूम के सिर, चेहरे व हाथ में गंभीर चोटें आईं।
लखनऊ के पॉश इलाके अलीगंज में आंचलिक विज्ञान केंद्र के पास शुक्रवार रात बाइक सवार लुटेरे ने मोटरसाइकिल पर पति संग जा रही महिला से पर्स लूटने का प्रयास किया। छीनाझपटी में पर्स महिला के गले में फंस गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे महिला व उसका 11 महीने का बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाल-बाल बचे पति ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद थाने पहुंचकर तहरीर दी, लेकिन केस नहीं दर्ज किया गया। शनिवार को सोशल मीडिया पर घायल मासूम की फोटो वायरल हुई तो मुकदमा दर्ज किया गया।
बड़ा चांदगंज निवासी अधिवक्ता नीरज मिश्रा के मुताबिक शुक्रवार रात वह पत्नी रेनू के साथ बाइक से बेटे समृद्ध को डॉक्टर को दिखाने पुरनिया की प्रियदर्शिनी कॉलोनी के पास क्लीनिक पर गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे लौटते वक्त आंचलिक विज्ञान केंद्र के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने रेनू के पर्स पर झपट्टा मारा, जो उसके गले में फंस गया। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होने से रेनू और उसकी गोद से मासूम छिटककर सड़क पर गिर गया मासूम के सिर, चेहरे व हाथ में गंभीर चोटें आईं हैं। मौके पर भीड़ जुटने से बदमाश भाग निकला। नीरज ने राहगीरों की मदद से दोनों को कपूरथला के अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार को डॉक्टरों ने दोनों को रेफर कर दिया। अब दोनों अपोलो में भर्ती हैं।
लखनऊ से अनुराग निगम की रेपोर्ट