राष्ट्र जागरण पद यात्रा से जन जागरण
अमेठी । 9 मार्च 2026
रविवार को गायत्री परिवार द्वारा अमेठी नगर में राष्ट्र जागरण पद यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। यह यात्रा गायत्री शक्तिपीठ अमेठी से प्रारंभ होकर यज्ञ स्थल देव यज्ञ नगर बघवारिया दुर्गापुर रोड अमेठी पर समाप्त हुई। राष्ट्र जागरण पदयात्रा में बड़ी संख्या में बच्चे महिलाएं तथा अमेठी के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। युगतीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में 18 से 22 मार्च 2025 तक अमेठी में आयोजित लघु अश्वमेध यज्ञ में अमेठी तथा आसपास के जनपदों के लाखों लोगों के सम्मिलित होने की संभावना है । राष्ट्र जागरण 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के प्रयाज के क्रम में आयोजित राष्ट्र जागरण पदयात्रा गायत्री शक्तिपीठ अमेठी से प्रारंभ होकर अंबेडकर तिराहा- हनुमानगढ़ी-गांधी चौक -कोतवाली मोड-राजर्षि तिराहा-ददन सदन- आरआर पी जी कॉलेज-एसडीएम कॉलोनी- दुर्गापुर रोड होते हुए यज्ञ स्थल बघवरिया पर समाप्त हुई। जन जागरण के उद्देश्य से आयोजित इस राष्ट्र जागरण पदयात्रा में नशा मुक्ति के साथ-साथ दहेज प्रथा एवं फैशन परस्ती पर भी प्रहार किए गए । बालिकाओं की टोली द्वारा इस पदयात्रा में नशा भारत छोड़ो, अनाचार का अंत होत दहेज प्रथा बंद हो, बंद हो बंद हो फैशन परस्ती बंद हो जैसे नारों से अमेठी की सड़क गुंजायमान थी। पदयात्रा के पश्चात यज्ञ स्थल पर गोष्ठी संपन्न हुई जिसे डॉक्टर सुधाकर सिंह, डॉक्टर त्रिवेणी सिंह व राधेश्याम त्रिपाठी ने संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक ओमप्रकाश जी, ब्राह्मण स्वाभिमान एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश तिवारी, संतोष सिंह, दीपक सिंह, सुभाष चंद्र द्विवेदी, लाल अशोक सिंह, चिरंजी लाल, त्रिवेणी प्रसाद सिंह, अरविंद कुमार सिंह, महेंद्र प्रताप मिश्रा, रमेश कुमार सिंह, अवधेश कुमार यादव, आनंद पांडेय, सोनू सिंह सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





