खेत में बेरन रखवाली कर रहे एक कृषक की मौत
नसीराबाद रायबरेली –
विकास खण्ड छतोह क्षेत्र के ग्राम कुकहा के खेत में एक कृषक की संदिग्ध अवस्था में लाश बरामद हुई है। मृतक के पुत्र उमेश सिंह द्वारा दी गई तहरीर में लिखा गया है कि उसके पिता बृजमोहन सिंह पुत्र बाल गोविंद सिंह उम्र लगभग 55 साल निवासी ग्राम कुकहा थाना नसीराबाद गांव से लगभग 700 मीटर दूर खेत में रहकर धान की बेरन की रखवाली करते थे और गांव में उनका किसी से विवाद नहीं था। 18 वर्षीय भतीजा अरविंद सिंह उनके लिए खाना ले जाता था जो उनसे लगभग 100 मीटर दूर पर लेटता था। 26 जून की रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी हत्या कर दी।

सुबह 6:00 बजे अरविंद ने बृजमोहन की लाश खेत में उन्हीं की चारपाई पर देखी तो परिजनों को सूचना दी। मृतक अपने पीछे पत्नी मीना देवी और 2 पुत्र उमेश सिंह 24 वर्ष और अरुण सिंह 22 वर्ष को छोड़ गया है। शव के गले पर रस्सी के निशान पाए जाने पर प्रथम दृष्टया गला घोट कर हत्या किए जाने का अनुमान है।
सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी नवीन कुमार सिंह भी सीओ अमित सिंह और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से मौके की जांच की। प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद का कहना है कि लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बारीकी से जांच की जा रही है।
अशुतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





