श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया वट सावित्री व्रत
——————– रायबरेली।
सुहागिन महिलाओं के प्रमुख पर्व वट सावित्री व्रत को जिले भर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने अपने पतियों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही महिलाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रातःकाल से ही विवाहित महिलाएं सोलह श्रृंगार कर घरों से निकलकर गांव और शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित बरगद का वृक्ष के नीचे एकत्र हुईं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की और वट वृक्ष की जड़ों में सोलह श्रृंगार की सामग्री, खीरा, खरबूजा, पकवान तथा अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। इसके बाद उन्होंने बरगद के पेड़ के चारों ओर कच्चा धागा लपेटकर फेरे लगाए और अपने पतियों की लंबी उम्र तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहर में भी वट सावित्री पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। दिनभर विभिन्न स्थानों पर स्थित वट वृक्षों के पास महिलाओं की भारी भीड़ जुटी रही। पूजा के दौरान महिलाओं ने कथा-श्रवण भी किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूजा में शामिल महिलाओं ने बताया कि यह व्रत प्राचीन काल से चला आ रहा है और इसका विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से पति की आयु लंबी होती है तथा परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। इसी आस्था के साथ महिलाएं पूरे श्रद्धाभाव से वट वृक्ष की पूजा करती हैं। पर्व के अवसर पर कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण भी किया। दिनभर जिले में धार्मिक माहौल बना रहा और महिलाओं की आस्था व भक्ति से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





