राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय में नागर विमानन मंत्रालय के अपर सचिव श्री पुनीत कंसल, IAS का दौरा संपन्न।
फुरसतगंज/रायबरेली
दिनांक: 15 मई 2026
राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (RGNAU) में नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार के अपर सचिव श्री पुनीत कंसल, IAS का आधिकारिक दौरा गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय परिसर में उनके आगमन पर कुलपति प्रो. भृगु नाथ सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो हरित एवं सतत भविष्य के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
तत्पश्चात् बोर्ड रूम में आयोजित संवाद एवं समीक्षा बैठक में अपर सचिव ने कुलपति प्रो. भृगु नाथ सिंह, विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों, समन्वयकों एवं अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान कुलपति प्रो. भृगु नाथ सिंह द्वारा “RGNAU Vision@2047” एवं आगामी पाँच वर्षों की नवाचार योजना पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। साथ ही, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन प्रो. मनीष शर्मा द्वारा विश्वविद्यालय की रणनीतिक विकास योजना पर प्रस्तुति दी गई, जो Vision@2047 एवं नवाचार योजना पर आधारित थी।
एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग, ECE (एवियोनिक्स), एविएशन साइंस एवं एविएशन मैनेजमेंट विभागों द्वारा भी शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं भावी योजनाओं पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दी गईं।
अपने संबोधन में श्री पुनीत कंसल ने अनुसंधान एवं विकास (R&D) के क्षेत्र में उद्योग–शैक्षणिक सहयोग को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि RGNAU को विमानन उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन विकसित करना चाहिए तथा इसके लिए उद्योग जगत के साथ मजबूत सहभागिता एवं सहयोग स्थापित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा पिछले एक वर्ष में की गई उल्लेखनीय प्रगति की सराहना करते हुए इसे “उत्कृष्ट उपलब्धि” बताया।
कार्यक्रम के अंतर्गत अपर सचिव ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को विमानन क्षेत्र में उभरते अवसरों, नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं कौशल विकास के महत्व पर प्रेरणादायी विचार साझा किए। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपने विचार एवं प्रश्न प्रस्तुत किए।
इस विशेष अवसर पर श्री पुनीत कंसल, IAS द्वारा विश्वविद्यालय के प्रथम न्यूज लेटर तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु पीएच.डी. कार्यक्रम का औपचारिक विमोचन भी किया गया। न्यूज लेटर में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, गतिविधियों, अनुसंधान एवं नवाचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां संकलित की गई है।
दौरे के दौरान अपर सचिव ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, छात्रावास परिसर एवं अन्य अवसंरचनात्मक सुविधाओं का निरीक्षण भी किया तथा विश्वविद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
यह दौरा नागर विमानन क्षेत्र में उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं कौशल विकास को नई दिशा प्रदान करने के साथ-साथ मंत्रालय एवं विश्वविद्यालय के मध्य सहयोगात्मक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





