खण्ड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों संग जमीन पर बैठकर किया भोजन एमडीएम व शिक्षण व्यवस्था की परखी हकीकत
नसीराबाद, रायबरेली
शासन की मंशा के अनुरूप परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे-मील और शिक्षण व्यवस्था को परखने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी छतोह विजय प्रकाश ने मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय काजीपुर तेलियानी का औचक निरीक्षण किया। दोपहर करीब 11:00 बजे विद्यालय पहुंचे बीईओ सीधे रसोई घर गए। वहां बन रहे भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न की मात्रा और साफ-सफाई देखी। इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर पंक्ति में बैठकर मिड-डे-मील ग्रहण किया। बीईओ ने बच्चों से भोजन के स्वाद व समय पर मिलने के बारे में पूछा।
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने रसोई घर, भंडार कक्ष, बर्तन व पीने के पानी की टंकी की स्थिति देखी। रसोइयों से मेन्यू व खाना बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। कक्षा 3 व 5 के बच्चों से हिंदी व गणित के सवाल पूछकर शैक्षिक स्तर परखा। उपस्थिति पंजिका व शिक्षक डायरी का अवलोकन किया। साथ ही शौचालय, हैंडपंप और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया।
बीईओ विजय प्रकाश ने प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि मिड-डे-मील मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण व गर्म परोसा जाए। शिक्षण कार्य में नवाचार अपनाएं और कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान दें। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई रोज कराई जाए।
अचानक हुए इस निरीक्षण से विद्यालय स्टाफ में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं बच्चों संग जमीन पर बैठकर भोजन करने और सीधे संवाद करने की ग्रामीणों व अभिभावकों ने सराहना की।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





