प्रेम संबंध में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, दोनों गिरफ्तार
—— रायबरेली।
जनपद के डलमऊ थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम तिवारी का पुरवा मजरे रामपुर बरारा क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य संकलन किया।
मृतक की पहचान रामदेव पुत्र राम जियावन निवासी ग्राम कपूरपुर, थाना नसीराबाद, जनपद रायबरेली के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर डलमऊ थाना में मुकदमा अपराध संख्या 99/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत रेनू और अजीम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत 14 मई 2026 को डलमऊ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रामपुर बरारा अंडरपास के पास से मामले में वांछित अभियुक्त अजीम पुत्र बकरीदी निवासी कपूरपुर थाना नसीराबाद तथा अभियुक्ता रेनू पत्नी स्व. रामदेव निवासी तिवारी का पुरवा मजरे रामपुर बरारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त अजीम ने बताया कि उसके रेनू के साथ पिछले 3–4 वर्षों से प्रेम संबंध थे। 12 मई 2026 को दोनों ने मिलकर रामदेव की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत रात में अजीम गांव के पास खेत में छिप गया और रेनू अपने पति रामदेव को शौच के बहाने खेत की ओर ले गई। वहां अजीम ने अंगोछे से रामदेव का गला दबा दिया और रेनू ने उसका सहयोग किया।
हत्या के बाद अजीम अपने गांव चला गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक अंगोछा और एक अपाची मोटरसाइकिल (संख्या UP33 AG 0765) बरामद कर सीज कर दी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राघवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक अबरार हुसैन, दिग्विजय चौहान, विनय कुमार पाठक, चंद्रभान, अमन दुबे, अमित कुमार, भानु प्रताप, पंकज कुमार, अनुभव, पीयूष पोसवाल, गौरव चौहान, अभिषेक यादव, साधना सचान व आयुषी पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





