रायबरेली में गूंजा ‘जय चित्रगुप्त’ का जयघोष
दो दिवसीय संगीतमय कथा में उमड़ा जनसैलाब
रायबरेली ।
धर्म और आस्था की नगरी रायबरेली में शनिवार को भगवान श्री चित्रगुप्त चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय दिव्य संगीतमय कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। शहर के रिफॉर्म क्लब लॉन ‘ए’ (अस्पताल चौराहा) में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान चित्रगुप्त की महिमा का श्रवण किया। कथा के मुख्य व्यास श्री चित्रगुप्त पीठ वृंदावन धाम के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज के जनपद आगमन पर कायस्थ समाज ने उनका जोरदार स्वागत किया। चुरवा हनुमान मंदिर पर समाज के सैकड़ों युवाओं व गणमान्य लोगों ने महाराज जी की अगवानी की। यहां से लगभग 100 चार पहिया वाहनों का विशाल काफिला गाजे-बाजे के साथ शहर की ओर रवाना हुआ, जिसे देखने के लिए मार्ग में बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। कथा के प्रथम दिन स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज ने भगवान चित्रगुप्त के अवतरण, उनके न्याय और मानव जीवन में उनके आदर्शों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। संगीतमय भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। वहीं दूसरे दिन रविवार को अखिल भारतीय हिंदू संत महासभा के अध्यक्ष जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके स्वागत के लिए लालगंज स्थित बाबा बल्हेश्वर मंदिर पर हजारों लोग एकत्र हुए। स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त किसी एक जाति विशेष के नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के कर्मों के लेखाकार और न्याय के प्रतीक हैं। कथा के दूसरे दिन हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कथा समापन के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। रायबरेली में पहली बार हुए इस भव्य आयोजन की चर्चा सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में भी रही। कार्यक्रम की आयोजिका अधिवक्ता श्रीमती अनीता श्रीवास्तव ने बताया कि इस दो दिवसीय कथा के माध्यम से कायस्थ समाज ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया है और सभी संगठन एक मंच पर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए सौभाग्य का विषय है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन के साक्षी बनने का अवसर मिला। इस अवसर पर स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज ने श्रीमती अनीता श्रीवास्तव को भगवान चित्रगुप्त अखाड़ा पीठ का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया। कार्यक्रम के मीडिया प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित श्रीवास्तव ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

कार्यक्रम में संरक्षक के रूप में डॉ. रमेश श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव संपादक विकास वार्ता,कृष्ण कुमार श्रीवास्तव,सी पी श्रीवास्तव,पवन श्रीवास्तव मंडल ब्यूरो हेड,ब्रजेश गांधी,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश श्रीवास्तव, समाजसेवी गुड्डन श्रीवास्तव, धीरज श्रीवास्तव (पत्रकार), आशीष श्रीवास्तव (पत्रकार),दीपक श्रीवास्तव, प्रधान प्रतिनिधि कलंदरपुर नितिन श्रीवास्तव, चित्रांशु निगम, सौरभ श्रीवास्तव सहित कायस्थ समाज के अनेक गणमान्य लोगों का योगदान सराहनीय रहा।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





