रायबरेली की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान, मिसेज़ उत्तर प्रदेश में फर्स्ट रनर-अप का खिताब जीता
रायबरेली/लखनऊ
डॉ. आकांशा गोगना द्वारा संचालित क्रिएटिव आई फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित मिसेज़ उत्तर प्रदेश क्वीन ऑफ स्माइल्स सीजन-3 का भव्य ग्रैंड फिनाले राजधानी लखनऊ के एक प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल में आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई प्रतिभाशाली महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रायबरेली जनपद की निवासी तान्या सिंह ने अपनी दमदार प्रस्तुति से निर्णायकों का दिल जीत लिया। उन्होंने मिसेज़ टैलेंटेड और मिसेज़ फोटोजेनिक जैसे प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम करते हुए मिसेज़ उत्तर प्रदेश फर्स्ट रनर-अप का सम्मानजनक स्थान हासिल किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में जानी-मानी अभिनेत्री एवं पद्मश्री सम्मानित पद्मिनी कोल्हापुरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध एंकर सिमरन आहूजा ने किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, टैलेंट राउंड और पर्सनैलिटी राउंड में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
तान्या सिंह की इस सफलता पर उनके पति आयुष सिंह जो इंडियन आयल में कार्यरत हैं, ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे रायबरेली जिले और उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर आयोजक डॉ. आकांशा गोगना ने कहा कि इस मंच का उद्देश्य विवाहित महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में एक नई पहचान स्थापित करने का अवसर प्रदान करना है। तान्या सिंह की सफलता यह साबित करती है कि लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर महिलाएं हर मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





