तीन मॉर्च्युरी फ्रीजर जनता को किए समर्पित
–——————- रायबरेली।
नगर पंचायत नसीराबाद में रविवार को हौसला ट्रस्ट की ओर से क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए तीन मॉर्च्युरी फ्रीजर समर्पित किए गए, वहीं युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान की भी शुरुआत की गई। कार्यक्रम में गणमान्य लोग और नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम सलोन मिथिलेश कुमार त्रिपाठी ने ट्रस्ट द्वारा दिया गया सर्टिफिकेट बांट कर तीनों मॉर्च्युरी फ्रीजर का उद्घाटन किया। उन्होंने हौसला ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य मानवता की मिसाल हैं। दुख की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों को यह सुविधा बड़ी राहत प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जनहित के कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए।
ट्रस्ट की ओर से पहला मॉर्च्युरी फ्रीजर तुलसीराम पासी के यहां पूरे तकी में, दूसरा मिल्कियाना चौपाल में दिलबर असकरी की देखरेख में तथा तीसरा कोठी हसन मियां में क्षेत्रवासियों के उपयोग हेतु समर्पित किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि इन फ्रीजरों को अलग-अलग स्थानों पर रखने का उद्देश्य यह है कि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुविधा मिल सके और उनका बेहतर रखरखाव भी सुनिश्चित हो। समारोह के दौरान नसीराबाद थाना अध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने हौसला ट्रस्ट की ओर से चलाए जाने वाले “नशा मुक्ति अभियान” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन ऐसे सामाजिक अभियानों में हर संभव सहयोग करेगा।
हौसला ट्रस्ट के ट्रस्टी सैयद हुसैन शम्सी ने बताया कि ट्रस्ट का अगला लक्ष्य नसीराबाद क्षेत्र को नशा मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और इसकी लत को समाप्त करने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। गांव-गांव और मोहल्लों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि समाज में स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण तैयार हो सके।
उन्होंने कहा कि नशे की वजह से कई परिवार टूट रहे हैं और युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। ट्रस्ट का प्रयास रहेगा कि नई पीढ़ी को सही दिशा देकर उन्हें शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाए। समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जोड़कर जनभागीदारी सुनिश्चित करना ही ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम में नासिर समाजसेवी, अभिषेक राय, तुलसीराम पासी प्रधान प्रतिनिधि,मो0 नासिर समाज सेवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





