बारात में गए युवक की संदिग्ध हालत में मौत, गांव में मचा कोहराम
परशदेपुर (रायबरेली)। डीह थाना क्षेत्र में बारात में शामिल होने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के शेरनाथपुर गांव निवासी बृजेन्द्र कुमार (22) शुक्रवार को अपने गांव से ही पूरे कलन्दर मजरे निनावां गांव में बारात में शामिल होने गया था। बारात में सभी लोग डीजे की धुन पर खुशी-खुशी नाच रहे थे। इसी दौरान अचानक बृजेन्द्र की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
मौजूद साथियों ने उसे तुरंत चारपाई पर लिटा दिया। देर रात करीब दो बजे उसकी हालत गंभीर होने पर साथी उसे लेकर सलोन के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां श्रीमती दहाड़े मारकर रोने लगीं और बार-बार यही कहती रहीं कि “अभी तो मेरा बेटा ठीक-ठाक गया था, यह क्या हो गया।” पिता जियाराम और बड़े भाई मनोज भी गहरे सदमे में हैं।
सूचना पर डीह थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र मोहन सरोज व चौकी इंचार्ज मोहित कुमार मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र मोहन सरोज ने बताया कि युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





