छतोह ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों में लगी चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं
————– रायबरेली
आम जनता को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गांव में ही अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर शुक्रवार को छतोह ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। शुक्रवार 08 मई को ग्राम पंचायत संडहा में प्रधान रामबहादुर सरोज और ग्राम पंचायत कपूरपुर में प्रधान श्रीमती भानुमती की अध्यक्षता में चौपाल आयोजित हुई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया। संडहा में आयोजित चौपाल में जेई (एमआई) आलोक सिंह और एडीओ धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। ग्राम सचिव सुबोध कुमार ने पंचायत में कराए गए विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत तालाब खुदाई, इंटरलॉकिंग तथा सामुदायिक शौचालय की सफाई का कार्य स्वयं सहायता समूहों द्वारा कराया जा रहा है। ग्राम सचिव ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत में 114 अंत्योदय कार्ड धारक और 704 पात्र गृहस्थी कार्ड धारक परिवार हैं। इसके अलावा 140 वृद्धावस्था पेंशन, 77 विधवा पेंशन और 16 दिव्यांग पेंशन के लाभार्थी नियमित रूप से लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव में 24 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं तथा बीसी सखी, समूह सखी और स्वास्थ्य सखी की तैनाती भी की गई है। गांव में अब तक 93 फैमिली आईडी बनाई गई हैं, जिसे संतोषजनक नहीं माना गया। बताया गया कि फैमिली आईडी बनने से 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ स्वतः मिल सकेगा। इसके साथ ही जानकारी दी गई कि स्कूली बच्चों के लिए जूनियर हाईस्कूल में तथा आम जनता के उपयोग के लिए पंचायत भवन के सामने वाटर कूलर युक्त आरओ सिस्टम अगले सप्ताह तक स्थापित कर दिया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायत कपूरपुर में प्रधान श्रीमती भानुमती की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में ग्राम पंचायत सचिव ने पेंशन धारकों, राशन कार्ड लाभार्थियों और पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।

कुल मिलाकर कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति के बावजूद दोनों ग्राम पंचायतों में चौपाल का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। बाल विकास परियोजना छतोह से मुख्य सेविका श्री मती नम्रता गुप्ता सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





