जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
रायबरेलीः- 06 मई 2026
जनगणना 2027 के अंतर्गत 07 मई से 21 मई तक संचालित होने वाले स्वगणना कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा स्वगणना कार्यक्रम के लिए पूर्व निर्धारित तिथि-वार कार्य योजना के अनुसार सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक स्वयं स्वगणना अवश्य करें तथा अपने परिवार, सहकर्मियों एवं आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करें। यह भी निर्देशित किया गया कि जहां आवश्यक हो, वहां मास्टर ट्रेनर एवं फील्ड ट्रेनर के सहयोग से आमजन को स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षित कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग द्वारा प्रतिदिन कराई गई स्वगणना की संख्या की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जाए, जिसकी नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) अमृता सिंह, उपजिलाधिकारी सचिन यादव, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, उप कृषि निदेशक विनोद कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अरविन्द कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सुधीर गिरि, सहायक श्रमायुक्त आर0के0 स्वर्णकार सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





