नगर पंचायत अध्यक्ष ने सी एम ओ से की अवैध मेडिकल स्टोर, नर्सिंग होम व पैथोलॉजी की जांच की मांग
——————– रायबरेली।
नगर पंचायत नसीराबाद के अध्यक्ष ने क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों की जांच कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई की अपील की गई है। अध्यक्ष द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि नगर पंचायत नसीराबाद क्षेत्र में कई मेडिकल स्टोर, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटर बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि इन संस्थानों ने न तो नगर पंचायत से और न ही किसी अन्य संबंधित विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि ऐसे संस्थानों में कोई अप्रिय घटना घट जाती है तो इसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए जनहित को देखते हुए इन संस्थानों की जल्द से जल्द जांच कराई जानी चाहिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नगर पंचायत की ओर से यह भी बताया गया कि इस संबंध में पहले भी पत्रांक संख्या 384/न०पं०न/2025-26 दिनांक 02 फरवरी 2026 के माध्यम से मुख्य चिकित्साधिकारी को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते पुनः अनुस्मारक पत्र भेजा गया है। अध्यक्ष ने अपने पत्र में अनुरोध किया है कि किसी भी संभावित अप्रिय घटना से पहले संबंधित संस्थानों की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे नगर पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और लोगों की आशंकाओं को दूर किया जा सके।
इस पत्र की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, जिलाधिकारी रायबरेली और उपजिलाधिकारी सलोन को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





