रुक्मिणी विवाह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु, भक्ति गीतों से गूंजा मंदिर परिसर
–—————— रायबरेली।
नगर पंचायत परशदेपुर के श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा के दौरान देवी रुक्मिणी और भगवान श्रीकृष्ण के विवाह प्रसंग का वर्णन होते ही मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास के वातावरण से भर उठा।
कथाव्यास परमाचार्य पंडित बद्री विशाल ओझा ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के पावन मिलन का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि रुक्मिणी ने श्रीकृष्ण को पति रूप में पाने के लिए गहन श्रद्धा और समर्पण के साथ संदेश भेजा था, जिसके बाद भगवान श्रीकृष्ण ने रुक्मिणी का हरण कर उनका विवाह संपन्न कराया। कथा सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। कथा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक विवाह गीत गाकर वातावरण को मंगलमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने कथा व्यास का पांव पूजन कर आशीर्वाद लिया और भगवान की आरती में शामिल होकर भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के यजमान डॉ. वासुदेव पांडेय एवं श्रीमती ममता पांडेय ने श्रद्धालुओं के साथ विधि-विधान से आरती की। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
मंडल ब्यूरो चीफ पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
My Power News Online News Portal





